शुक्रवार, 8 जुलाई 2011
कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे - मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा
-बैदाखेड़ी में स्कूल चलें अभियान में शामिल हुए प्रभारी मंत्री
प्रदेश के संस्कृति, जन सम्पर्क, धार्मिक न्यास, धर्मस्व, उच्च शिक्षा एवं सीहोर जिला प्रभारी मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने आज जिले की आष्टा तहसील के ग्राम बैदाखेड़ी और कुरावर में आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक रंजीत सिंह गुणवान ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद पंचायत आष्टा के अध्यक्ष धारासिंह पटेल मौजूद थे। प्रभारी मंत्री श्री शर्मा ग्राम बैदाखेड़ी में स्कूल चलें अभियान में शामिल हुए और स्कूली बच्चों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया। उन्होंने स्कूली बच्चों को गणवेश एवं सायकल क्रय करने की राशि के चैक प्रदान किए। प्रभारी मंत्री श्री शर्मा ने ग्राम कुरावर में 62 लाख की लागत से नवनिर्मित हायर सेकन्डरी स्कूल भवन और 15 लाख 29 हजार की लागत वाली नलजल आवर्धन योजनान्तर्गत निर्मित पेयजल टंकी और पाइप लाइन का लोकार्पण किया।
शिक्षा अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीहोर जिला प्रभारी मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के अधिकार अधिनियम का गंभीरता से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि शाला त्यागी एवं अप्रवेशी बच्चों को स्कूल में दाखिला दिलाने के कार्य में जनप्रतिनिधि और नागरिक आगे आकर सहयोग करें। सरकार द्वारा बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार द्वारा स्कूली बच्चों के लिए सायकल, गणवेश और पाठ्य पुस्तकों की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे इसके लिए शिक्षा अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया है। प्रभारी मंत्री ने शिक्षा अधिकारियों को हिदायत दी है कि शिक्षा जैसे पुनीत कार्य में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूल चलें हम कार्यक्रम को अभियान के रूप में लेकर संचालित किया जाय और यह महज रस्म अदायगी तक सीमित न रहे। प्रभारी मंत्री श्री शर्मा ने बच्चों के पालकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेंजे और सरकार के इस अभियान में सहभागी बनें।
स्कूली बच्चों को मिले चैक.... ग्राम बैदाखेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने 11 बच्चों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया और 6 बच्चों को गणवेश के लिए 4 - 4 सौ रूपये एवं 5 विद्यार्थियों को सायकल क्रय के लिए तेईस - तेईस सौ रूपये की राशि के चैक प्रदान किए। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत तीन बालिकाओं को बचत पत्र भी प्रदान किए।
विकास कार्य कराए जाएंगे... प्रभारी मंत्री श्री शर्मा ने ग्राम बैदाखेड़ी में श्रीराम कीर्तन मंडली के लिए दस हजार रूपयों की मंजूरी प्रदान की। उन्होंने ग्रामीणों को सामुदायिक मंगल भवन, सीसी रोड निर्माण, आंगनबाड़ी भवन के अतिरिक्त कक्ष के निर्माण के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे योजनान्तर्गत ग्राम कुरावर में ग्राम पंचायत भवन के लिए साढे दस लाख की राशि मुहैया कराई जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश....प्रभारी मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने ग्राम कुरावर में ग्राम अरोलिया - कुरावर रोड के रिवाइज स्टीमेट बनाने, दूधी नदी घाट पर स्टाप डेम का सर्वे कराने, उप स्वास्थ्य केन्द्र में एमपीडब्ल्यू की पदस्थापना करने, ग्राम रिगनीया में प्राथमिक शाला भवन निर्माण तथा ग्राम टिगड़िया में नलजल योजना का क्रियान्वयन करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम मुरावर में जल आवर्धन योजना का कार्य आरंभ करने के भी निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रंजीत सिंह गुणवान ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की संवेदनशील सोच का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विकास और जनकल्याण के अभूतपूर्व कार्यों को अंजाम दिया गया है। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित जनहितैषी योजनाओं और कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि जरूरतमंदों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए सजगता से आगे आना चाहिए।
इस मौके पर कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक के.डी.पाराशर, सीईओ जिला पंचायतबी.एस. जामोद सहित अन्य जिला अधिकारी, मार्केटिंग अध्यक्ष कृपाल सिंह पटाड़ा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ललित नागौरी, देवी सिंह परमार, श्री सजनसिंह मेवाडा, जनपद सदस्य श्री महेश करमोदिया, सरपंच श्रीमती सहौद्राबाई, भाजपा मंडल अध्यक्ष गजराज सिंह पटेल, कुरावर सरपंच श्रीमती गीता बाई, सज्जनसिंह ठाकुर, चन्दर सिंह, प्रहलाद सिंह, मुबारिक खान, बाबूलाल पटेल सहित स्थानीय जन प्रतिनिधि और ग्रामीणजन मौजूद थे।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें