सीहोर । नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रकाश व्यास काका ने शहर में लापरवाह तथा उदासीन अधिकारियों के खिलाफ सोमवार से अपना आंदोलन प्रारंभ करने की घोषणा की है । अभियान के पहले चरण में शहर के विभिन्न शासकीय कार्यालयों में अनुपस्थित अधिकारियों के कार्यालयों में ढोल बजाए जाएंगे ।
श्री व्यास ने एक विज्ञप्ति जारी करके कहा है कि युवक काँग्रेस नेता श्री राजकुमार जायसवाल तथा एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्री राजीव गुजराती ने जिस प्रकार अभियान को समर्थन देने की बात कही है वे उसका स्वागत करते हैं, उनका उद्देश्य भी शहर की युवा शक्ति को जागृत करना है। ये पूरी तरह से गैर राजनैतिक अभियान है, इसको किसी भी राजनैतिक दल से जोड़कर न देखा जाये ये अभियान शहर के हित में है और जो भी शहर हित में साथ आना चाहे उसका स्वागत है । श्री व्यास ने कहा कि न तो उन्हें किसी प्रकार के मान समान की चाह है और न नेतृत्व की इच्छा है, युवा शक्ति इस अभियान से जुड़े और वे केवल सलाहकार के रूप में युवा शक्ति का मार्गदर्शन करना चाहते हैं । उन्होंने कहा कि अभी अभियान के पहले चरण में 28 नवंबर सोमवार की सुबह साढ़े दस बजे आकस्मिक रूप से शहर के किसी भी सरकारी कार्यालय में युवा शक्ति के साथ जाकर ये देखा जायेगा कि अधिकारी सुबह साढ़े दस बजे आफिस आ गये हैं अथवा नहीं । यदि कार्यालय में अधिकारी उपस्थित मिले तो पुष्प भेंट कर उनका स्वागत किया जायेगा । यदि अधिकारी अनुपस्थित मिलते हैं तो कार्यालय परिसर में ढोल बजा कर विरोध व्यक्त किया जायेगा । यदि कोई अधिकारी अवकाश पर है अथवा शासकीय कार्य से बाहर है तो कार्यालय में इस प्रकार की सूचना लगी होनी चाहिये ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें