sehore

Make animated glitter text scraps www.pigimail.com

बुधवार, 29 जून 2011

कलेक्टर ने गाँव में गुजारी रात,सुनी ग्रामीणों की समस्या ...

ग्राम अकोला में रात्रि विश्राम के दौरान ग्रामीणों की समस्या सुनते कलेक्टर
सीहोर : 29 जून,11 
  प्रदेश के मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा ""आपकी सरकार - आपके द्वार"" के अनुरूप जिले के नवागत कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने जिले की बुधनी तहसील के ग्राम पंचायत मुख्यालय अकोला में पहुंच कर ग्रामवासियों की समस्याओं का निराकरण किया।
 कलेक्टर डॉ. गोयल 28 जून को शाम 7 बजे ग्राम पंचायत भवन अकोला पहुंचे वहां क्षेत्र में निवासरत स्थानीय ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आशा कार्यकर्ता को निर्देशित किया कि वे गर्भवती महिला के टीकाकरण कार्ड पर ही जननी एक्सप्रेस योजना का फोन नम्बर अंकित करें। उन्होंने ग्राम की पेयजल योजना की जानकारी प्राप्त की एवं फूटी पाइप लाइन दुरूस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामवासियों को मच्छरों से निजात दिलाने हेतु मत्स्य विभाग के अधिकारियों को गम्बूसिया मछली तालाबों में छोडने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब भी बुखार हो मलेरिया की जांच अवश्य कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि आशा कार्यकर्ता की तरह ही आंगनवाडी कार्यकर्ता के पास भी छोटे बच्चों एवं धात्री एवं गर्भवती महिलाओं से संबंधित दवाईयां रखी जाए।
 डॉ. गोयल ने राजस्व विभाग के अधिकारियों से नामांतरण, बंटवारा,लंबित सीमांकन तथा अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी प्राप्त कर उनके शीध्र निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पशु चिकित्सा एवं कृत्रिम पशु गर्भाधान की जानकारी प्राप्त की तथा ग्राम में ही गौसेवक की नियुक्ति हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी के साथ ही मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना, निर्माण श्रमिक योजना आदि से संबंधित जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से खाद-बीज की उपलब्धता, बोहनी तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी हासिल की। इसके साथ ही राशन की समय पर पात्रतानुसार उपलब्धता की जानकारी भी प्राप्त की। प्राथमिक शाला के जर्जर भवन को दुरूस्त कराने हेतु कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए। अनुसूचित जाति मोहल्ले में कीचड़ की समस्या, बस्ती में विद्युत व्यवस्था तथा तीन वर्ष पूर्व निर्मित अकोला - शाहगंज मार्ग की मरम्मत कराने की कार्यवाही के निर्देश दिए।
 इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गोयल ने श्रीमती कृष्णाबाई का राष्ट्रीय परिवार सहायता का प्रकरण, संतोष वंशकार की पुत्री को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ देने तथा  राम भरोसे तिवारी को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ देने संबंधी आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर डॉ. गोयल ने ग्राम अकोला में ग्रामपंचायत कार्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।
 इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  बी.एस.जामोद, पुलिस अधीक्षक  के.डी. पाराशर, बुधनी एसडीएम सी.एम.मिश्रा, एसडीओपी  प्रशांत चौबे सहित अन्य जिला एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी तथा अकोला ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती पुष्पा गौर एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
 डॉ. गोयल ने रात्रि विश्राम शाहगंज में किया और अगले दिन 29 जून को प्रात: ग्राम डोबी पहुंचे। वहां उन्होंने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना का निरीक्षण किया। ग्राम हथनोरा में उन्होंने घाट निर्माण का अवलोकन किया। ग्राम खटपुरा में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन खटपुरा - शहीदगंज मार्ग का निरीक्षण किया और खटपुरा में ही खरंजा निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें